Matheesha Pathirana: टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुए मथीशा पथिराना, 18 करोड़ का भी हो सकता है नुकसान

Sanjeev Kumar

khelja|18-02-2026

श्रीलंका की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 में जगह बना ली है लेकिन इस टीम को एक बड़ा झटका लगा है. टीम के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना चोटिल हो गए हैं और बड़ी बात ये है कि वो अब टी20 वर्ल्ड कप में खेल भी नहीं पाएंगे. पथिराना को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में हैमस्ट्रिंग इंजरी हो गई थी वो अपना पहला ओवर भी पूरा नहीं कर पाए थे और अब वो टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक पथिराना तीन हफ्ते तक मैदान में नहीं उतर पाएंगे.

पथिराना बाहर, अब किसे मिलेगा मौका?

श्रीलंका की मीडिया के मुताबिक मथीशा पथिराना का स्कैन किया गया है और उसकी रिपोर्ट्स आनी अभी बाकी है. हालांकि पथिराना की चोट को देखते हुए वो 3 हफ्ते तक बाहर रहेंगे. बड़ी बात ये है कि अगर उनकी चोट जल्द सही नहीं हुई तो वो आईपीएल 2026 से भी बाहर हो सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी जगह तेज गेंदबाज बिनुरा फर्नाण्डो और दिलशान मधुशंका को श्रीलंका की टीम में मौका मिल सकता है. श्रीलंका की टीम आईसीसी की तकनीकी कमेटी को पथिराना की जगह किसी एक एक खिलाड़ी का नाम प्रस्ताव करेगी. वैसे खबरें ये भी हैं कि नुआन तुषारा या मिलन रत्नायके भी पथिराना की जगह चुने जा सकते हैं.

पथिराना को 18 करोड़ का भी हो सकता है नुकसान

मथीषा पथिराना अगर 3 हफ्ते के अंदर फिट नहीं होते हैं तो फिर उनका आईपीएल में भी खेलना मुश्किल हो सकता है. बता दें कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस गेंदबाज को मोटी रकम में खरीदा है. इस खिलाड़ी को 18 करोड़ रुपये में लिया गया है और अगर पथिराना फिट नहीं हुए तो कोलकाता की रणनीति पर इसका गहरा असर पड़ेगा. बड़ी बात ये है कि कोलकाता ने मुस्तफिजुर रहमान को बाहर कर दिया है और हर्षित राणा भी पूरी तरह फिट नहीं हैं. ये खिलाड़ी चोट के चलते टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गया था. पथिराना की बात करें तो इस खिलाड़ी को 108 टी20 मैचों का अनुभव है जिसमें वो 146 विकेट ले चुके हैं. इस खिलाड़ी का इकॉनमी रेट 8.5 रन प्रति ओवर है. पथिराना का बेस्ट 20 रन देकर 4 विकेट है.